बाढ़ से 44 पंचायत की 1.25 लाख आबादी हुई प्रभावित!!

पूर्णिया : जिले में 7 से 15 जुलाई के बीच हुई बारिश ने बाढ़ की स्थिति उत्पन्न कर दी है। जिससे बायसी, अमौर, बैसा, डगरूआ व पूर्णिया पूर्व प्रखंड के कई पंचायतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। राहत कार्यों को लेकर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रतिदिन बीडीओ व सीओ द्वारा अपने अपने प्रखंड में राहत कार्यों की मॉनिटरिंग व बाढ़ में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। उक्त बातें समाहरणालय के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान डीएम प्रदीप कुमार झा ने कही। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज कर दिया गया है। कुल 166 सामुदायिक किचेन में प्रतिदिन करीब 41 हजार लोगों का खाना तैयार किया जा रहा है। खासकर छोटे छोटे बच्चों के लिए भी अलग से सुधा डेयरी से संपर्क कर दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। ताकि कोई परेशानी न हो। फोन कॉल्स पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले की 1.25 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है। जिसमें अमौर, बैसा, बायसी व डगरूआ के कुल 44 पंचायत पूर्ण रूप से जबकि 18 पंचायत आंशिक रूप से बाढ़ से प्रभावित है। इन पंचायतों में एसडीआरएफ की टीम को तैनात कर दिया गया है। जो लगातार गश्त कर रही है और बाढ़ में फंसे लोगों को बाहर निकाल रही है। बता दें कि एसडीआरएफ की टीम में 40 लोग शामिल हैं और प्रशासनिक पदाधिकारियों के द्वारा हवाई सर्वेक्षण भी किया गया। डीएम ने कहा कि बाढ़ राहत कार्य के लिए प्रभावित क्षेत्रों में 6 बोट, 63 सरकारी व 28 निजी नाव को संचालित किया गया है। इसके अलावे 4 हेल्थ कैंप व 2 पशु कैंप भी तैयार किए गए हैं। जहां लोगों को मुफ्त चिकित्सीय सुविधा प्रदान की गई है।

Post a Comment (0)
Previous Post Next Post